कोरबा में छात्रवृत्ति से कोई पात्र विद्यार्थी न रहे वंचित, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को दिए निर्देश
कोरबा, 11 अगस्त (हि. स.)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने और लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास और जिला शिक्षा अधिकारी को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जिले के शत-प्रतिशत पात्र अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को शासन द्वारा निर्धारित छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय फाइलों का प्रेषण अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से करने को कहा।
दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क और पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम हरदेवा में निरीक्षण के दौरान सामने आए कार्यों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने पुल की तुलना में बड़े नए पुल के निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने को कहा।
लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आईटीआई रामपुर में शेष मरम्मत कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यकता के अनुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। नवोदय विद्यालय से जुड़े लंबित कार्य निर्धारित समय में पूरा नहीं करने वाले ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा। विद्युत विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुकी योजनाओं का जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के समन्वय से सत्यापन कराने और इसके बाद भुगतान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यकता के अनुसार मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने वीबी रामजी योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में आवश्यक कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को सीमांकन से संबंधित प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
विकसित भारत माय भारत युवा योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिक से अधिक युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। वहीं विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों की टीबी स्क्रीनिंग और जांच में तेजी लाने को कहा।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी लेते हुए आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह व्यवस्थित, गरिमापूर्ण और सफल तरीके से संपन्न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओएसडी तरुण कुमार किरण सहित जिले के सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी