कोरबा : एलआईसी कार्यालय में तैनात सुरक्षा कर्मी ने लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस
कोरबा, 06 जुलाई (हि. स.)। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के समीप भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कार्यालय में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रात के शिफ्ट में तैनात एक सुरक्षा कर्मी का शव कार्यालय के भीतर फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान आरा मशीन निवासी 25 वर्षीय विनोद सोनवानी के रूप में हुई है। वह एलआईसी कार्यालय में सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत था और रविवार रात अपनी नियमित रात की ड्यूटी पर गया था। परिजनों के अनुसार रात में कई बार फोन करने के बावजूद उसने कॉल रिसीव नहीं किया, जिससे उन्हें चिंता हुई।
आज सोमवार सुबह करीब 5 बजे विनोद के पिता राजेन्द्र सोनवानी उसे देखने एलआईसी कार्यालय पहुंचे। काफी देर तक आवाज लगाने और मोबाइल पर संपर्क करने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सूचना दी। कर्मचारियों के पहुंचने पर कार्यालय का दरवाजा खोला गया, जहां विनोद का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद कर जब्त की है, जिसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों, कार्यालय के कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी