पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएं : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
कोरबा, 23 जुलाई (हि. स.)। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गुरुवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब के विकास एवं आवश्यक सुविधाओं के लिए 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जिसकी विश्वसनीयता और गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकार निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से समाज और लोकतंत्र को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और नई तकनीकों के दौर में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे समय में अनुभवी और युवा पत्रकारों के समन्वय से पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब की सक्रियता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों की सराहना भी की।
विशिष्ट अतिथि एवं उद्योग, वाणिज्य तथा श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार सदैव निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और जनसरोकारों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताया।
समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर, महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। महापौर संजू देवी राजपूत और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए प्रेस क्लब की भूमिका की सराहना की।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन एवं आकाश शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
समारोह में रायपुर एवं बिलासपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष नौशाद खान ने प्रेस क्लब की गतिविधियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि सचिव दिनेश राज ने आभार प्रदर्शन किया। अंत में प्रेस क्लब की ओर से अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी