कोरबा प्रेस क्लब के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने किया निरीक्षण

 


40 लाख रुपये के विकास कार्यों का प्रस्ताव जल्द होगा तैयार

कोरबा, 1 जुलाई (हि. स.)। कोरबा प्रेस क्लब के विकास, विस्तार और की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय बुधवार सुबह तिलक मार्ग स्थित प्रेस क्लब पहुंचे और परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को तत्काल विस्तृत सर्वे करने तथा विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। यह पहल प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन द्वारा प्रेस क्लब के विकास के लिए घोषित 40 लाख रुपये की राशि को धरातल पर उतारने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों के साथ बैठक कर परिसर की वर्तमान स्थिति, आवश्यक सुविधाओं, विस्तार की जरूरतों और सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने भवन के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं के विकास और पत्रकारों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने से संबंधित सुझाव भी रखे।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रेस क्लब परिसर का जल्द से जल्द विस्तृत तकनीकी सर्वे किया जाए और विकास, विस्तार तथा सौंदर्यीकरण के लिए एक समग्र प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव तैयार होने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर विकास कार्यों को शीघ्र शुरू किया जाएगा, ताकि पत्रकारों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर परिसर उपलब्ध कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार साह, सचिव दिनेश राज, सहसचिव हरीश तिवारी, प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य नवाब हुसैन, पार्षद पंकज देवांगन, नगर निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त नीरज कौशिक, अभियंता सोमनाथ डेहरे, विनोद गोंड़, स्वच्छता निरीक्षक सचीन्द्र थवाईत सहित अन्य अधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी