होली को लेकर कोरबा पुलिस की एडवाइजरी जारी, सुरक्षित और कानून के दायरे में रहकर पर्व मनाने की अपील
कोरबा, 01 मार्च (हि. स.)। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी पंपलेट जारी किया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जारी इस एडवाइजरी के माध्यम से नागरिकों से जिम्मेदारीपूर्वक होली मनाने और कानून का पालन करने की अपील की गई है।
जारी निर्देशों में नागरिकों से कहा गया है कि होली खेलते समय केवल प्राकृतिक रंगों का उपयोग करें और किसी पर भी जबरन रंग न डालें तथा व्यक्तिगत सहमति का सम्मान करें। महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार न करने की सख्त हिदायत दी गई है। साथ ही पशु-पक्षियों पर रंग न डालने और उनके प्रति संवेदनशील रहने की अपील भी की गई है।
यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने शराब पीकर वाहन न चलाने, तीन सवारी से बचने और सड़क पर सावधानी बरतने की सलाह दी है, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता रखने और जेबकतरों से सावधान रहने को भी कहा गया है। किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा अफवाहों पर ध्यान न देकर शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
होली के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा जिले में 2, 3, 4 और 5 मार्च को विशेष पुलिस निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए कोरबा पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 9479193399 और डायल 112 जारी किया गया है। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से “सुरक्षित होली, जिम्मेदार होली” मनाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी