कोरबा : म्यांमार के ‘केके पार्क’ में साइबर ठगी कराने वाले गिरोह की महिला सदस्य गिरफ्तार

 


कोरबा, 29 अक्टूबर (हि. स.)। विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला को म्यांमार के कुख्यात ‘केके पार्क’ में बंधक बनाकर साइबर ठगी कराने के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना दर्री पुलिस ने इस मामले में कथित रूप से संलिप्त महिला आरोपित स्नेहा भथलाल बडोले (35 वर्ष), निवासी जिला गोंदिया, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है। आरोपित को आज गुरुवार काे न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने रिमांड प्राप्त की है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका तथा गिरोह के डिजिटल और वित्तीय नेटवर्क की जांच जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दर्री निवासी पीड़िता ने थाना दर्री में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में लगभग 30,000 थाई भाट प्रतिमाह वेतन देने का उल्लेख किया गया था। नौकरी पाने की उम्मीद में पीड़िता ने विज्ञापन के माध्यम से संपर्क किया। इसके बाद आरोपी महिला लीजा और उसके साथियों ने उसे बेंगलुरु बुलाया। वहां से उसे फ्लाइट के जरिए थाईलैंड ले जाया गया और फिर सीमा पार कराकर म्यांमार स्थित ‘केके पार्क’ पहुंचा दिया गया।

पीड़िता के अनुसार, वहां पहुंचने के बाद उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि उसे फर्जी सोशल मीडिया आईडी के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने के लिए मजबूर किया जाता था। इस तरह विदेश में रोजगार दिलाने के बहाने उसे साइबर अपराध के नेटवर्क में फंसा दिया गया।

भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद से पीड़िता को सुरक्षित भारत वापस लाया गया। इसके बाद उसकी शिकायत पर थाना दर्री, जिला कोरबा में अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143(2) और 146 में मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान कथित संलिप्तता सामने आने पर स्नेहा भथलाल बडोले को गिरफ्तार किया गया।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विदेशी नौकरी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी, फर्जी रोजगार प्रस्तावों और सोशल मीडिया के जरिए किए जाने वाले साइबर अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी का प्रस्ताव मिलने पर संबंधित कंपनी, एजेंट, वीजा और रोजगार संबंधी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करें तथा किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव के झांसे में न आएं।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी