18 जुलाई को कोरबा में होगी 'रन फॉर ग्रीन' ग्रीन मैराथन

 


कोरबा, 15 जुलाई (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से कोरबा जिले में 18 जुलाई को 'रन फॉर ग्रीन' थीम पर भव्य ग्रीन मैराथन का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाली यह मैराथन शनिवार सुबह 7 बजे घंटाघर मैदान से शुरू होगी। इसके साथ ही 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण भी किया जाएगा।

नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कलेक्टर के निर्देशानुसार आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा सार्वजनिक और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

ग्रीन मैराथन का आयोजन सुबह 7 बजे से 9 बजे तक किया जाएगा। करीब 5 किलोमीटर लंबी यह दौड़ घंटाघर मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम में समाप्त होगी। आयोजन का उद्देश्य आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

मैराथन समाप्त होने के बाद घंटाघर से पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जाने वाले मुख्य मार्ग पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके बाद अगले 7 दिनों तक शहर के प्रमुख मार्गों, उद्यानों और रिक्त भू-भागों में पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा, ताकि शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार किया जा सके।

इसके अलावा अभियान को और व्यापक बनाने के लिए अगले 60 दिनों तक प्रतिदिन वन विभाग, नगर पालिक निगम कोरबा, एनटीपीसी, बालको और एसईसीएल अपने-अपने क्षेत्रों में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण करेंगे। इस पूरे अभियान के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी नगर निगम के उपायुक्त नीरज कौशिक को सौंपी गई है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, युवाओं और विभिन्न संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में ग्रीन मैराथन में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण के इस जन अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि जनभागीदारी से ही हरित और स्वच्छ कोरबा के लक्ष्य को साकार किया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी