कोरबा प्रवेश क्षेत्र दर्री मुख्य मार्ग होगा सुसज्जित, बनेगा ग्रीन कॉरिडोर, वेंडिंग जोन व चौपाटी का होगा निर्माण
कोरबा, 10 अप्रैल (हि. स.)। कटघोरा से कोरबा आने वाले मुख्य प्रवेश क्षेत्र एनटीपीसी गोपालपुर दर्री मार्ग को अब सुनियोजित ढंग से विकसित किया जाएगा। इस मार्ग को सुसज्जित करते हुए यहां ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। साथ ही दर्री क्षेत्र में सड़क किनारे असुरक्षित रूप से व्यवसाय कर रहे लघु व्यापारियों के लिए वेंडिंग जोन और सर्वसुविधायुक्त चौपाटी का निर्माण किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज शुक्रवार को वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, सरोज शांडिल्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, एनटीपीसी एवं निगम अधिकारियों के साथ दर्री एनटीपीसी क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की व्यवस्थाओं और समस्याओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को तत्काल कार्ययोजना तैयार कर अमल में लाने के निर्देश दिए।
आयुक्त पाण्डेय ने कहा कि यह मार्ग ऊर्जाधानी कोरबा का प्रमुख प्रवेश द्वार है, इसलिए इसे शहर की गरिमा के अनुरूप विकसित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने मुख्य मार्ग पर फैली अव्यवस्था, अतिक्रमण और अवैध कब्जों को हटाकर व्यवस्थित विकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एनटीपीसी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मार्ग के दोनों ओर व्यापक वृक्षारोपण, उद्यानिकी कार्य एवं लघु उद्यानों के विकास के माध्यम से ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाए। साथ ही जीर्ण-शीर्ण उद्यानों का जीर्णोद्धार कर पूरे क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना बनाई जाए।
लघु व्यापारियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड जमनीपाली के आसपास वेंडिंग जोन और चौपाटी निर्माण के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने कहा कि इससे जहां व्यापारियों को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त स्थान मिलेगा, वहीं मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाकर यातायात सुगम बनाया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान एनटीपीसी गेट के पास स्थित यात्री प्रतीक्षालय के आसपास फैली गंदगी पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां मौजूद अतिक्रमण हटाने और व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा कटघोरा-गोपालपुर दर्री मार्ग पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के टैंकरों के अव्यवस्थित खड़े होने पर भी आयुक्त ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आईओसी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से वाहन खड़े न किए जाएं, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी