कोरबा कलेक्टर ने किसान चौपाल का किया निरीक्षण, एग्रीस्टेक पंजीयन और फसल बीमा पर दिया जोर

 


कोरबा, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के दौरे के दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज गुरुवार काे ग्राम पंचायत तानाखार अंतर्गत ग्राम मांझीपारा में कृषि विभाग द्वारा आयोजित किसान चौपाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौपाल के माध्यम से किसानों तक पहुंचाई जा रही योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को किसानों को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने किसान चौपाल के संचालन, किसानों के पंजीयन की स्थिति और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने विशेष रूप से एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों के पंजीयन की समीक्षा करते हुए सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि एग्रीस्टेक पोर्टल में जिन किसानों का पंजीयन अभी तक नहीं हुआ है, उनकी पहचान कर डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया जाए और जल्द से जल्द पंजीयन की प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा योजना से जोड़ा जाए और उन्हें योजना के लाभ, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसान प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकें।

कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि किसान चौपाल जैसे आयोजनों के माध्यम से किसानों को कृषि से जुड़ी सभी योजनाओं की जानकारी प्रभावी तरीके से दी जाए। उन्होंने योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर जोर देते हुए पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम सहित कृषि विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी