कोरबा नहर में अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद
कोरबा, 31 मार्च (हि. स.) । कोरबा के राताखार इलाके में साेमवार की देर शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव नहर में तैरता हुआ मिला। जोड़ा पुल के नीचे शव देखे जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने नहर में शव को उतराता देख पुलिस को सूचना दी।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जिले के राताखार इलाके में साेमवार की देर शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव नहर में तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव की स्थिति संदिग्ध प्रतीत हो रही है, जिससे हत्या या दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मृतक की उम्र 45 वर्ष के करीब है। मामले की गहनता से जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जिले के सभी थाना-चौकियों और व्हाट्सएप ग्रुप पर भी शव की जानकारी साझा की गई है ताकि पहचान हो सके। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी