कोरबा में भाजपा महिला मोर्चा के तीज उत्सव में दिखी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की मनमोहक छटा
कोरबा, 10 अगस्त (हि. स.)। सावन माह के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित तीज उत्सव में छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा विभा अवस्थी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे संगठनात्मक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में कोरबा में यह आयोजन किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता और भाजपा महिला मोर्चा जिला कोरबा की जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में सोमवार को भव्य परिचयात्मक बैठक एवं तीज उत्सव का आयोजन हुआ। बिलासपुर संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह पैकरा के प्रथम संभागीय प्रवास के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने उनका आतिशबाजी, तिलक, आरती, पुष्पगुच्छ, श्रीफल, शॉल और ढोल-नगाड़ों के साथ आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान संभाग प्रभारी फुलेश्वरी सिंह पैकरा ने महिला कार्यकर्ताओं को भाजपा की संगठनात्मक रीति-नीति, कार्यपद्धति और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रियता के साथ जुड़ने का आह्वान किया।
हरेली तिहार के अवसर पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने माता पार्वती और भगवान भोलेनाथ की श्रद्धापूर्वक आराधना की। आयोजन में खुरमी, ठेठरी, अरसा, मीठा फरा, नमकीन फरा, मालपुआ, पपची, सोंहारी, कोदो की खीर, चना-चबेना और चना चरपटी सहित छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का भोग लगाया गया और प्रसाद का वितरण किया गया।
तीज उत्सव के दौरान नारियल फेंक प्रतियोगिता और गेड़ी का आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहा। पारंपरिक परिधानों में सजी महिला कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और रीति-रिवाजों की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में देश की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों के सम्मान में रक्षा-सूत्र संकलन भी किया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने सैनिक भाइयों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके लिए रक्षा-सूत्र भेजने का संकल्प लिया।
आयोजन में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अलावा महिला मोर्चा उपाध्यक्ष एवं कोरबा प्रभारी संगीता शर्मा, सह प्रभारी उमा सोनी, प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी मंजुला सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रंजीता शर्मा, वैशाली रतनपारखी, जिला महामंत्री अनसुईया राठौर, स्वाति कश्यप सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
भाजपा महिला मोर्चा के इस आयोजन में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ छत्तीसगढ़ी लोकपरंपरा, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संगम देखने को मिला। तीज उत्सव में महिलाओं की भागीदारी और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी