कोरबा में कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर-एसपी ने सख्त निर्देश
कोरबा, 24 अक्टूबर (हि. स.)।कोरबा जिले में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली। बैठक में आगामी त्योहारों, धान खरीदी, यातायात व्यवस्था और औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं सहित कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने, असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों व भ्रामक पोस्ट पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटी घटनाओं को गंभीर रूप लेने से पहले ही उनका समाधान किया जाए।
त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। पटाखों की अवैध बिक्री रोकने, दुकानों में अग्नि सुरक्षा की जांच करने तथा मिठाई दुकानों, होटलों और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय के बाद डीजे बजाने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन जैसी गतिविधियों पर भी कार्रवाई करने को कहा गया।
कलेक्टर ने एसईसीएल से जुड़े रोजगार, प्रभावित परिवारों और लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और थाना प्रभारियों को सूचना तंत्र मजबूत रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। कलेक्टर ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी