कोंडागांव के प्रधान आरक्षक अजय बघेल काे एम्प्लॉई ऑफ द मंथ का मिला सम्मान

 


कोंडागांव, 06 अगस्त (हि.स.)। जिला पुलिस के साइबर सेल में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय बघेल को 'एम्प्लॉई ऑफ द मंथ' सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने आज गुरुवार काे साइबर अपराधों के प्रभावी निराकरण और जनजागरूकता में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया। प्रधान आरक्षक बघेल ने साइबर अपराधों की जांच, ऑनलाइन ठगी के मामलों के त्वरित समाधान और पीड़ितों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी कार्यकुशलता और समर्पण की विभाग ने सराहना की है।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों, विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करने में भी अहम योगदान दिया है। पुलिस अधिकारियों ने अजय बघेल के कार्य को अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। विभाग ने उनकी उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं। उनके सम्मानित होने पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे