सड़क, फसल बीमा सहित सात सूत्री मांगों को लेकर किसान संघर्ष संघ उतरेंगे सड़क पर, साैपा ज्ञापन
धमतरी, 31 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण मगरलोड और वनांचल सिंगपुर क्षेत्र की वर्षों से लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर किसान संघर्ष संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संघ ने सड़क, पुलिया, फसल बीमा, धान उपार्जन केंद्र और बैंक शाखा सहित सात सूत्री मांगों के निराकरण की मांग की है। साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर सात सितंबर को ग्राम परसवानी के बस स्टैंड चौक पर दोपहर 12 बजे से चक्काजाम करने की सूचना जिला प्रशासन को दी है।
किसान संघर्ष संघ दक्षिण मगरलोड वनांचल सिंगपुर क्षेत्र के अध्यक्ष रामायण सिन्हा और खड़मा के सरपंच नंदकुमार ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर संघ पिछले कई वर्षों से शासन-प्रशासन के समक्ष लगातार मांग उठाता रहा है। पिछले वर्ष 16 जून 2025 को कुरूद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया था। इससे पहले 15 जून को जिला प्रशासन की ओर से कलेक्ट्रेट कार्यालय धमतरी में समन्वय बैठक भी आयोजित की गई थी। इसमें मांगों के निराकरण का आश्वासन मिला था। इसके बाद जुलाई-अगस्त 2026 में भी शासन को समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई सड़कें जर्जर हैं और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पठार से सोनारिन दैहान पहुंच मार्ग पर पथर्री पुलिया निर्माण की स्वीकृति लंबे समय से लंबित है। इसी तरह बेंद्राचुंआ से सरईरूख-सिंगपुर, मोंहदी से दुगली से मार्ग डामरीकरण एवं पठार मुख्य मार्ग से मड़ापथरा-मोहेरा पहुंच मार्ग के नवीनीकरण और डामरीकरण की मांग भी पूरी नहीं हुई है।संघ ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ वंचित सभी गांवों के किसानों को देने की मांग की है। इसके अलावा मोहेरा धान उपार्जन केंद्र को प्राथमिक सहकारी समिति का दर्जा देने और ग्राम सिंगपुर में जिला सहकारी बैंक शाखा की स्थापना की मांग भी शामिल है। किसानों का कहना है कि इन सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सात मांगों पर नहीं बनी बात तो सड़कजाम
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि मांगों को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। अब तक समाधान नहीं होने के कारण सड़कजाम का निर्णय लिया गया है। सात सितंबर को दोपहर 12 बजे ग्राम परसवानी बस स्टैंड चौक पर आंदोलन किया जाएगा। संघ ने कहा है कि मांगों पर गंभीरता से समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा। इस दौरान मोतीराम, भोजराम साहू, काशी राम, शंकर लाल साहू, गणेश्वर राम कंवर, भगवानी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा