दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ निवास में भाजपा कार्यकर्ताओं संग किरण सिंह देव ने सुनी 'मन की बात'
नई दिल्ली / रायपुर 30 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने रविवार को नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-13 स्थित छत्तीसगढ़ निवास में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का श्रवण किया।
इस अवसर पर किरण सिंह देव ने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों से प्रधानमंत्री का आत्मीय संवाद है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी, सामाजिक नवाचार, सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और देशभर में हो रहे सकारात्मक प्रयासों को सामने लाकर समाज को प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार समाज के प्रत्येक वर्ग को नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल