खुर्सीपार रेलवे फाटक 14 से 24 जुलाई तक सड़क यातायात पर रोक, वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

 


रायपुर 12 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल अंतर्गत भिलाई-भिलाई नगर के बीच स्थित रेलवे समपार क्रमांक 440 (खुर्सीपार फाटक) पर आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते 14 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक सड़क वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, खुर्सीपार फाटक (किमी 855/08-10) पर मिडिल लाइन से जुड़े अत्यावश्यक मरम्मत कार्य के लिए 14 जुलाई सुबह 8 बजे से 24 जुलाई रात 8 बजे तक फाटक बंद रहेगा। इस अवधि में किसी भी प्रकार के सड़क वाहन को फाटक से गुजरने की अनुमति नहीं होगी।

रेलवे ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा यात्रा की योजना उसी के अनुरूप बनाने की अपील की है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद फाटक को पुनः यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल