बारिश में खाद्य पदार्थ ढककर रखें, सुरक्षा मानकों का करें पालन
धमतरी, 06 जुलाई (हि.स.)। बारिश के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्ट्रीट फूड एवं होटल व्यवसायियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने गर्म एवं तैयार खाद्य सामग्री को हमेशा ढककर रखने और खाद्य सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
बारिश के मौसम में खाद्य पदार्थों को दूषित होने से बचाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्ट्रीट फूड एवं होटल व्यवसायियों को खाद्य सामग्री ढककर रखने और स्वच्छता के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी फनेश्वर पिथौरा ने बताया कि बारिश के मौसम में खुले में रखे खाद्य पदार्थों पर मक्खियां एवं अन्य कीट बैठने से उनके दूषित होने और खाद्य जनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए स्ट्रीट फूड एवं होटल व्यवसायियों को विशेष रूप से गर्म एवं तैयार खाद्य सामग्री को हमेशा ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पानी का उपयोग करने एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और परोसने के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने एवं परिसर को साफ रखने की सलाह दी गई है।
उन्होंने आम लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए होटल एवं स्ट्रीट फूड व्यवसायियों से उपयोग किए गए खाद्य तेल का दोबारा उपयोग नहीं करने पर जोर दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी फनेश्वर पिथौरा ने किराना व्यवसायियों को दुकान में खाद्य एवं अखाद्य सामग्री को अलग-अलग और व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों को डिटर्जेंट, फिनाइल, कीटनाशक, पेंट व अन्य रासायनिक उत्पादों के साथ नहीं रखा जाए। खाद्य सामग्री को साफ, सुरक्षित और सूखी जगह पर रखने से उसके दूषित होने की संभावना कम रहती है। बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतते हुए खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण और स्वच्छता के सभी मानकों का पालन करना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि व्यवसायियों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभाग द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मगरलोड, मेघा और भखारा में प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है, वहीं धमतरी शहर में जल्द ही प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी स्ट्रीट फूड एवं होटल व्यवसायियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षित खाद्य भंडारण, व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा मानकों और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने संबंधी आवश्यक जानकारी दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा