करमा पूजा के बाद विवाद, टांगी से जानलेवा हमला करने का आरोपित गिरफ्तार

 


बलरामपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के सामरीपाठ थाना क्षेत्र के सेरेंगदाग गांव में करमा पूजा के बाद हुए विवाद में एक युवक पर टांगी से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित ने युवक की गर्दन के नीचे पीठ पर टांगी से दो बार वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई है।

पुलिस ने आज बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, 22 सितंबर को सुनील कुमार ने थाना सामरी में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक सेरेंगदाग गांव के अखरा में करमा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। सुबह करीब 9 बजे गांव के उदय नगेसिया का शीतल नगेसिया से विवाद हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने शीतल को उसके घर पहुंचा दिया। इसके कुछ देर बाद उदय नगेसिया अपने घर से टांगी लेकर आया और शीतल के पुत्र गेड़वा उर्फ भोटना नगेसिया पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपित ने भोटना की गर्दन के नीचे पीठ पर टांगी से वार किया, जिससे गहरा घाव हुआ। इसके बाद दोबारा वार करने पर मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपित को पकड़ लिया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर सामरीपाठ थाने में अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने सेरेंगदाग निवासी उदय नगेसिया को आज बुधवार को विधिवत गिरफ्तार किया। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विजय कुमार दुबे, सहायक उप निरीक्षक आनंद मसीह तिर्की, आरक्षक अजय कुमार, संजय पटेल और ओमकार रजक का योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय