पीएम आवास योजना से काराबाई को मिला पक्का मकान
जांजगीर-चांपा 16 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशहाली लाने के साथ उन्हें बेहतर जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही हैं। इसका उदाहरण ग्राम पंचायत तरौद, विकासखंड अकलतरा निवासी हितग्राही काराबाई हैं, जिनका पक्के मकान में रहने का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से साकार हुआ है।
आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण काराबाई के लिए पक्का मकान बनाना आसान नहीं था। वे खपरैल और टीन की छत वाले कच्चे मकान में रहती थीं, जहां बरसात के दिनों में छत से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में पक्के घर का सपना उनके लिए लंबे समय से एक चुनौती बना हुआ था। वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत उनका आवास स्वीकृत हुआ। मकान पूर्ण होने के बाद अब उनका परिवार सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में जीवनयापन कर रहा है। काराबाई के जीवन में बदलाव केवल पक्के मकान तक सीमित नहीं है। उन्हें उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी गैस कनेक्शन मिला है, जिससे रसोई में खाना बनाना सुविधाजनक हुआ है। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत घर में शौचालय का निर्माण होने से स्वच्छता संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध हुई हैं।
काराबाई ने पक्का मकान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उनके लिए यह आवास केवल एक पक्का घर नहीं, बल्कि सुरक्षित जीवन और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं से मिले लाभ काराबाई के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को दर्शाते हैं। यह पहल बताती है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरतमंद परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार /लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT