बालिकाओं को भोजन कराकर भेंट की उपयोगी सामग्री, कन्या पूजन पर ग्राम पंचायत सोरम की पहल

 






धमतरी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। कन्या पूजन के पावन अवसर पर रविवार को ग्राम पंचायत सोरम ने बाल हितैषी पहल करते हुए गांव की एक से दस वर्ष तक की कन्याओं का देवी स्वरूप में पूजन कर उन्हें भोजन कराया। इस दौरान बालिकाओं को दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत की इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं के प्रति समाज में सम्मान, स्नेह और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ गांव में बाल हितैषी वातावरण का निर्माण करना रहा।

सरपंच श्याम सुंदर सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सभी कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया और उन्हें भोजन कराने के बाद उपयोगी सामग्री प्रदान की गई। भविष्य में भी इस तरह के रचनात्मक कार्य किए जाएंगे। ग्राम पंचायत सचिव अभिषेक तिवारी ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से संदेश दिया गया कि बेटियां केवल परिवार की खुशियों का आधार ही नहीं, बल्कि समाज और गांव के उज्ज्वल भविष्य की नींव भी हैं। ग्रामीण सेवक साहू , पंचराम साहू ने पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बेटियों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही समाज में बालिकाओं के महत्व को समझने और उनके बेहतर भविष्य के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने में भी मददगार साबित होते हैं। ग्राम पंचायत सोरम ने भविष्य में भी बच्चों और बालिकाओं के हित में इस प्रकार की गतिविधियां जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा