कांकेर एसपी ने ली पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक, बेहतर कार्य करने वाले हुए सम्मानित
कांकेर, 18 जून (हि.स.)। जिले के पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा ने गुरूवार को पुलिस कार्यालय कांकेर में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में जिले में अपराधों की रोकथाम, जनता के साथ बेहतर समन्वय तथा पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बेहतर कार्य करने वाले 12 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कॉप ऑफ द मंथ सम्मान से सम्मानित किया गया। कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध संबंधी सूचना की जानकारी पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक के दौरान गंभीर एवं लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए विवेचनाओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित गुम इंसान, मर्ग एवं शिकायतों के शीघ्र निपटारे पर बल दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मोर मितान-कांकेर पुलिस अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से आमजन के साथ संवाद बढ़ाने, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने को कहा। महिला सुरक्षा के मुद्दों पर विशेष ध्यान देते हुए महिला रक्षा टीम की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा अभियान चलाने, यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा प्रिवेंटिव पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही आपातकालीन सेवा डायल-112 की त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। बैठक में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।
पुलिस अधीक्षक ने साइबर जागरूकता अभियान चलाने, साइबर शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने तथा साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अधीनस्थ कर्मचारियों में अनुशासन बनाए रखने, उनके कल्याण संबंधी मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा की गई। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि को सुदृढ़ करने के लिए समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे