कांकेर सांसद के नींबू काटकर बारिश रोकने के दावे पर सोशल मीडिया पर व्यंग
कोंडागांव, 26 अगस्त (हि.स.)। भाजपा सांसद भोजराज नाग ने दावा किया कि उन्होंने बूढ़ादेव, महादेव से प्रार्थना कर नींबू काटा और बारिश रुक गई। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम सफल हो गया, अब पानी गिरना है तो गिरे। वहीं अब इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यूजर्स ने बारिश रोकने के सांसद के दावे पर सवाल उठाते हुए तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
एक यूजर ने कमेंट्स सेक्शन में लिखा- अब नींबू काटकर गैस सिलेंडर और बिजली बिल के रेट कम करवा दीजिएगा। वहीं भाजपा सांसद के बयान पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने आज बुधवार काे कहा कि यदि नींबू काटकर बारिश रोकने की इतनी शक्ति है, तो अब बस्तर की धरती भी आपकी कृपा की राह देख रही है। बस्तर के कई क्षेत्रों में बारिश की कमी से किसान परेशान हैं और खेत पानी को तरस रहे हैं, पानी बरसा दीजिए।
विदित हाे कि भोजराम नाम कांकेर लोकसभा सीट से सांसद हैं। इससे पहले भी सांसद ने भूत उतारने वाले बयान को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। 9 महीने पहले उन्होंने धमतरी में कहा था कि जो अधिकारी जनता की समस्याओं पर फोन नहीं उठाएंगे और शिकायतों का समाधान नहीं करेंगे, हम सभी के लिए नींबू काटेंगे।
दरअसल, डौंडीलोहारा में मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महतारी वंदन योजना की 31 वीं किस्त जारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान सांसद भोजराज नाग ने खराब मौसम का जिक्र करते हुए बारिश रोकने के लिए बूढ़ादेव-महादेव से प्रार्थना करने और नींबू काटने की बात कही। सांसद भोजराज नाग ने कहा कि आज खराब मौसम में भी यहां आने के लिए रात 12 बजे जब मुख्यमंत्री का प्रोटोकॉल जारी हुआ। कल भी यहां मौसम खराब था, लेकिन मैं बूढ़ादेव, महादेव से प्रार्थना करके और नींबू काटके पानी को रोक दिया हूं। उन्होंने आगे कहा कि कार्यक्रम सफल हो गया है, अब पानी को गिरना है तो गिरे। उनके इस बयान पर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत अन्य नेताओं के चेहरे पर मुस्कान नजर आई, सभा में भी ठहाके गूंजने लगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे