कांकेर में ईयरफोन लगाकर मोबाइल चला रहा 13 वर्षीय किशोर ट्रेन की चपेट में आया, मौत
कांकेर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में मोबाइल नेटवर्क की तलाश में रेलवे ट्रैक पर बैठकर मोबाइल चला रहे 13 वर्षीय किशोर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अमन कुलदीप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय अमन के कान में ईयरफोन लगा था, जिसके कारण वह ट्रेन का हॉर्न नहीं सुन सका। घटना 18 अक्टूबर की सुबह की बताई जा रही है, जिसका खुलासा आज साेमवार काे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंडरीपानी में रविवार रात मानसगान कार्यक्रम चल रहा था। मृतक अमन कुलदीप भी अपने दोस्तों के साथ कार्यक्रम देखने गया था। रात करीब 03 बजे तक उसे पंडाल में देखा गया था। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ रेलवे ट्रैक की तरफ चला गया। बताया जा रहा है कि गांव में मोबाइल नेटवर्क ठीक से नहीं मिल रहा था। ऐसे में बच्चे बेहतर नेटवर्क के लिए केंवटी-अंतागढ़ रेलवे ट्रैक पर बैठकर मोबाइल चलाने लगे, इसी दौरान जब पैसेंजर ट्रेन ट्रैक से गुजर रही थी, तब लोको पायलट हिमांशु ने पटरी पर बैठे बच्चों को देखकर हॉर्न बजाया। हॉर्न सुनते ही बाकी बच्चे ट्रैक से हटकर भाग गए, लेकिन अमन ट्रेन की चपेट में आ गया। अमन ईयरफोन लगाया हुआ था, इस वजह से हॉर्न सुनाई नहीं दिया या वह समय पर उसे समझ नहीं पाया, ऐसी आशंका जताई जा रही है।
अमन के बड़े पिताजी संतोष कुलदीप ने बताया कि गांव में मानसगान का कार्यक्रम चल रहा था। उन्होंने रात करीब 03 बजे अमन को उसके दोस्तों के साथ पंडाल में देखा था। इसके बाद वह भोजन व्यवस्था की देख-रेख में लग गए थे। सुबह हादसे की जानकारी मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे।
संतोष कुलदीप के मुताबिक, गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर अमन का शव पड़ा था। ट्रेन की चपेट में आने से उसके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। उन्होंने बताया कि अमन अपने दोस्तों के साथ रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और हादसा किस तरह हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि अमन के साथ मौजूद दोस्तों के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे