पर्यटकों के लिए एक अक्टूबर तक बंद हुआ कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान
जगदलपुर, 18 जून (हि.स.)। मानसून की दस्तक के साथ ही बस्तर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, कोटमसर गुफा को पर्यटकों के लिए अस्थाई रूप से एक अक्टूबर तक के लिए बंद कर दिया है।
प्रशासन ने लगातार बारिश, उफनते नालों और भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया है। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन के अनुसार, बारिश के दौरान जंगल क्षेत्र में सुरक्षा जोखिम काफी बढ़ जाता है। लगातार बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं, कई नाले उफान पर आ जाते हैं और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की संभावना बनी रहती है। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
निदेशक कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान जगदलपुर ने गुरुवार काे बताया कि बंद अवधि के दौरान उद्यान के अधिकांश हिस्सों में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और नियमित पर्यटन गतिविधियों का संचालन नहीं किया जाएगा। कोटमसर गुफा बंद रहेगी। हालांकि तीरथगढ़ जल प्रपात देखने पर्यटक जा सकेंगे। पर्यटकों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करने का प्रयास न करें और प्रशासन की तरफ से जारी गाइडलाइन का पालन करें।
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान बस्तर की पहचान माने जाने वाले प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता, गुफाएं, झरने और घने जंगल हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। बरसात के मौसम में कई स्थानों तक पहुंचना जोखिमपूर्ण हो जाता है, जिसके चलते हर साल एहतियातन उद्यान को कुछ महीनों के लिए बंद रखा जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे