मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से काजल की पढ़ाई को मिला आर्थिक संबल
20 हजार रूपए की एकमुश्त सहायता से आगे की पढ़ाई के सपनों को मिली नई उड़ान
जांजगीर-चांपा 01 अक्टूबर (हि. स.)। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक संबल के साथ बेहतर भविष्य की राह भी आसान बना रही हैं। भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से ग्राम खोरसी, विकासखण्ड पामगढ़ निवासी निर्माण श्रमिक दशरथ साहू की पुत्री काजल कुमारी को 20 हजार रूपये की एकमुश्त सहायता राशि प्राप्त हुई है। यह सहायता राशि काजल की आगे की पढ़ाई में उपयोगी साबित होगी।
काजल के पिता दशरथ साहू भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक हैं। योजना के तहत उनकी पुत्री काजल कुमारी को 20 हजार रूपये की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में प्रदान की गई। योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा, सशक्तिकरण और बेहतर भविष्य के लिए सहयोग प्रदान करना है। योजना के प्रावधानों के अनुसार, निर्धारित अवधि से पंजीकृत निर्माण श्रमिक की प्रथम दो अविवाहित पुत्रियां, जिनकी आयु 18 से 21 वर्ष के बीच हो तथा जिन्होंने कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण की हो, निर्धारित पात्रता पूरी करने पर इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकती हैं। पात्र हितग्राही को 20 हजार रूपये की एकमुश्त सहायता राशि प्रदान की जाती है।
काजल ने बताया कि योजना के अंतर्गत मिली 20 हजार रूपये की सहायता राशि का उपयोग वह अपनी आगे की पढ़ाई में करेगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता मिलने से पढ़ाई जारी रखने में उन्हें मदद मिलेगी और अपने भविष्य के सपनों को पूरा करने के लिए उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से मिली यह सहायता काजल के लिए केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सहायता राशि प्राप्त होने पर काजल एवं उनके परिवार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT