रायपुर : आज खुलेगा कचना रेल ओवरब्रिज, मुख्यमंत्री साय करेंगे लोकार्पण
रायपुर 22 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की जनता को आज ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने जा रही है। कचना रेल ओवरब्रिज आज शुक्रवार से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शाम 6 बजे इस ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक पुरंदर मिश्रा तथा विधायक अनुज शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
करीब 800 मीटर लंबे इस रेल ओवरब्रिज के निर्माण से खम्हारडीह और कचना क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। अब तक रेलवे फाटक बंद होने के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी। वाल्टेयर रेलवे लाइन पर हर 15 मिनट में ट्रेन गुजरने के कारण फाटक बार-बार बंद करना पड़ता था, जिससे लोगों का काफी समय बर्बाद होता था।
इस परियोजना की प्रारंभिक लागत लगभग 40 करोड़ रुपये तय की गई थी, लेकिन निर्माण कार्य में देरी होने के कारण इसकी लागत बढ़कर करीब 49 करोड़ रुपये पहुंच गई। वर्षों के इंतजार के बाद अब इस ओवरब्रिज के शुरू होने से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से बड़ी राहत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल