जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने किया संगठन विस्तार, अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
अछोटा में बैठक कर नए पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी, रोजगार और राजस्व नुकसान का मुद्दा उठाया
धमतरी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की रविवार दोपहर ग्राम अछोटा में बैठक हुई। बैठक में संगठन विस्तार के लिए सदस्यता अभियान चलाया गया। इस दौरान नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाने के साथ विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ आंदोलन को लेकर योजना बनाई गई।
बैठक में विकास देवांगन को जिला महासचिव धमतरी, ताम्रध्वज सेन को खंड सचिव और तेंदुकोन्हा के योगेश्वर कोर्राम को खंड सचिव नियुक्त किया गया। बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए क्षेत्र में कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी गई। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष निखिलेश देवान साहू ने छत्तीसगढ़िया समाज के अधिकारों, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कलेक्टर के निर्देशों की अनदेखी कर चेन माउंटेन मशीनों के माध्यम से रेत का उत्खनन किया जा रहा है। उनके अनुसार, इस गतिविधि से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं और बिना रॉयल्टी रेत परिवहन होने से शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का दोहन नियमों के अनुरूप होना चाहिए और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए। बैठक में इन मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श के बाद पार्टी ने आंदोलन की रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़िया युवा क्रांति सेना के जिला अध्यक्ष डोमेश्वर साहू, जिला मीडिया प्रभारी युमेश देवांगन, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के खंड अध्यक्ष सोमन राम, खंड उपाध्यक्ष यशराज देवांगन, खंड संगठन मंत्री सुशील साहू सहित यादराम यादव, दीपेश ध्रुव, शेषकुमार मरकाम, योगेश्वर कोर्राम, गुरुदयाल साहू और राज देवांगन मौजूद रहे। नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा और छत्तीसगढ़िया समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा