फरसियां में मुरूम का अवैध उत्खनन, खनिज विभाग ने जब्त किया जेसीबी

 




धमतरी, 19 जून (हि.स.)। जिले के ग्राम पंचायत सांकरा के बाद फरसियां में मुरूम का अवैध उत्खनन करने की शिकायत खनिज विभाग को की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग मौके पर पहुंचे, तो फरसियां में मुरूम का अवैध उत्खनन करते पाया गया। अधिकारी-कर्मचारियों ने यहां से मुरूम के अवैध उत्खनन में संलिप्त जेसीबी को जब्त कर कार्रवाई की गई। वहीं मुरूम के अवैध उत्खनन को बंद कराया गया।

ग्राम सांकरा व फरसियां में जेसीबी से मुरूम के अवैध उत्खनन की शिकायत पर खनिज विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की टीम 18 जून को ग्राम सांकरा पहुंचकर तालाब क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम सांकरा में किसी प्रकार का अवैध मुरूम उत्खनन कार्य संचालित नहीं पाया गया, क्योंकि यहां निरीक्षण से पहले बड़ी मात्रा में मुरूम का अवैध उत्खनन चैन माउंटेन से किया जा चुका था और शिकायत के बाद चैन माउंटेन से अवैध उत्खनन बंद किया जा चुका था, इसके बाद ही खनिज विभाग की टीम निरीक्षण के लिए पहुंची थी, यही वजह है कि यहां मुरूम का अवैध उत्खनन नहीं मिला। जबकि निकट के ग्राम फरसियां में जेसीबी से मुरूम का अवैध उत्खनन किया जा रहा था, ऐसे में खनिज विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन को जब्त कर कार्रवाई की है। विभाग द्वारा जब्त मशीन के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम के तहत अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने आमजन एवं संबंधित व्यक्तियों से बिना वैध अनुमति मुरूम के उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण नहीं करने की अपील की है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि, जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक कुल 181 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 49 लाख 24 हजार 330 रुपये की शास्ति राशि जमा कराई गई है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा अवैध मुरूम उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए सतत निगरानी और कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा