कोरबा : जेबीसीसीआई-12 वार्ता समिति के गठन की मांग को लेकर गेवरा में गेट मीटिंग
कोरबा, 1 जुलाई (हि. स.)। संयुक्त केंद्रीय श्रमिक संगठन (एचएमएस, एटक, इंटक एवं सीटू) के बैनर तले आज बुधवार को एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में गेट मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में कोल इंडिया एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के 12वें वेतन समझौते (जेबीसीसीआई-12) के लिए वार्ता समिति के तत्काल गठन की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
गेट मीटिंग में श्रमिक नेताओं ने कहा कि 12वें वेतन समझौते की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। अब तक जेबीसीसीआई-12 की वार्ता समिति का गठन नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा और समयबद्ध वेतन समझौते के लिए वार्ता समिति का शीघ्र गठन आवश्यक है।
बैठक के बाद संयुक्त केंद्रीय श्रमिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री के नाम महाप्रबंधक, एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जेबीसीसीआई-12 की वार्ता समिति का तत्काल गठन कर नियमित वार्ता शुरू करने की मांग की गई, ताकि कर्मचारियों को समय पर नए वेतन समझौते का लाभ मिल सके।
श्रमिक नेताओं ने कहा कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी दिनों में आंदोलन की रणनीति पर विचार किया जाएगा। गेट मीटिंग में बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी