बनियापारा के बाद शहर के तीन और वार्डों में पीलिया-टायफाइड की दस्तक
धमतरी, 01 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम क्षेत्र में पीलिया और टायफाइड का दायरा बढ़ता जा रहा है। बनियापारा वार्ड में बीमारी के मामले सामने आने के बाद अब उससे लगे रामसागरपारा, नयापारा और रिसाइपारा पूर्व वार्ड में भी पीलिया, टायफाइड और बुखार के मरीज मिले हैं। प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन में लीकेज के कारण नालियों का गोबरयुक्त गंदा पानी मिलने की शिकायत सामने आई है।
नयापारा में 20 से अधिक, रिसाइपारा पूर्व में करीब 10 और रामसागरपारा वार्ड में सात मरीज सामने आए हैं। इस तरह तीनों वार्डों में 40 से अधिक लोगों के बीमार होने की जानकारी मिली है। नयापारा वार्ड में सबसे अधिक मरीज सामने आए हैं। यहां 20 से अधिक लोग पीलिया, टायफाइड और बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं।
वार्ड निवासी सफीना ने बताया कि उनके घर में पिछले एक सप्ताह से गंदा पानी आ रहा है। वार्ड में राहुल को टायफाइड, रागिनी को बुखार, डिगेश्वर को पीलिया, उर्मिला और टी आर रजवानी को बुखार की शिकायत है। इसके अलावा नावेद खान, सोहेब, जरीना, सावरा बेगम, शेख मोहसीन, शेख मेहरून और शेख इलियाज सहित अन्य लोगों के भी बीमार होने की जानकारी मिली है। प्रभावित लोगों का अलग-अलग अस्पतालों और निजी चिकित्सकों के यहां उपचार चल रहा है। नयापारा वार्ड में 20 से अधिक डेयरियां संचालित होने की बात भी सामने आई है। डेयरियों का गोबर और गंदा पानी नालियों में बहता है। कई स्थानों पर पेयजल पाइपलाइन नालियों के आसपास अथवा नीचे से गुजर रही है। बारिश के दौरान पाइपलाइन में लीकेज होने से नालियों का गोबरयुक्त पानी पेयजल लाइन में मिलने की शिकायत है। वार्डवासी सागर रजक ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से नल से गंदा और बदबूदार पानी घरों में आ रहा है।
नयापारा वार्ड की पार्षद पूर्णिमा गजानंद रजक ने मंगलवार को वार्ड का भ्रमण कर बीमारी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि वार्ड में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत चार दिन पहले ही जल विभाग से की गई थी। शिकायत के बाद भी जल विभाग की टीम वार्ड में नहीं पहुंची। पार्षद ने कहा कि लगातार लोग बीमार हो रहे हैं और कई परिवार अब पेयजल के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर हैं।
लीकेज ढूंढने में जुटी जल विभाग की टीम : अखिलेश सोनकर
नगर निगम के जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने बताया कि नयापारा और रामसागरपारा वार्ड में पाइपलाइन लीकेज के कारण गोबरयुक्त पानी पेयजल पाइपलाइन में मिलने की शिकायत प्राप्त हुई है। सोमवार को इंजीनियर और जल विभाग के कर्मचारियों को संबंधित वार्डों में मुआयना के लिए भेजा गया था। मंगलवार से जल विभाग की टीम पाइपलाइन में लीकेज का पता लगाने में जुट गई है। उन्होंने बताया कि बनियापारा वार्ड में पेयजल पाइपलाइन लीकेज की समस्या को देखते हुए नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। शहर के अन्य वार्डों में भी पेयजल संबंधी शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा