जशपुर में 30 सितंबर को वृहद रोजगार मेला, 2,089 से अधिक पदों पर सीधी भर्ती

 

बलरामपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के निर्देश पर शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने के लिए 30 सितंबर को जशपुर में संभागस्तरीय वृहद रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। आज शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार रोजगार मेला लाइवलीहुड कॉलेज डोड़का चौरा, जशपुर में सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसमें बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के पात्र महिला और पुरुष अभ्यर्थी भी शामिल हो सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।

मेले में 2,089 से अधिक पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इनमें भारी वाहन चालक के 1,000, सुरक्षा गार्ड व सुपरवाइजर के 310, लाइफ मित्र व बीमा सखी के 250, इलेक्ट्रीशियन व मीटर टेक्नीशियन के 115, क्वालिटी इंस्पेक्टर व ट्रेनी के 100, नर्सिंग असिस्टेंट व केयर टेकर के 100 तथा फील्ड ऑफिसर व सीआरओ के 90 पद शामिल हैं। इसके अलावा बैंक असिस्टेंट व मैनेजर और होटल मैनेजमेंट ट्रेनी के पद भी उपलब्ध हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 8,000 से 40,000 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। कार्यस्थल बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, अंबिकापुर, रायपुर, भिलाई, रायगढ़, रांची, पुणे और बेंगलुरु सहित विभिन्न शहरों में होंगे।

मेले में शामिल होने के लिए आधार अपडेट और जीवित रोजगार पंजीयन अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के मूल दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पांच पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार पंजीयन पर्ची और बायोडाटा साथ लाना होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, बलरामपुर के दूरभाष 07831-796486 पर संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय