जांजगीर पुलिस ने किया बलवा ड्रिल का अभ्यास, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने जवानों को दिया प्रशिक्षण
जांजगीर चांपा, 12 जून (हि. स.)। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिस बल की आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से आज शुक्रवार को पुलिस लाइन जांजगीर में बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में जिले के पुलिस अधिकारियों और जवानों ने हिस्सा लिया।
जनरल परेड के बाद आयोजित बलवा ड्रिल के दौरान पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, दंगाई गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान जवानों को दंगा नियंत्रण में उपयोग होने वाले उपकरणों, सुरक्षा उपायों और सामूहिक कार्रवाई की रणनीतियों की भी जानकारी दी गई।
अभ्यास के दौरान अधिकारियों ने पुलिस जवानों को सलाह देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता, संयम और अनुशासन बनाए रखना बेहद आवश्यक है। साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए हर समय तैयार रहने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने और कानून का पालन करवाने में संवेदनशीलता बरतने पर भी जोर दिया।
पुलिस विभाग के अनुसार बलवा ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता, आपसी समन्वय और आपदा अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को और बेहतर बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान जवानों ने विभिन्न परिस्थितियों में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का सफल प्रदर्शन किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास से पुलिस बल की दक्षता में वृद्धि होती है, जिससे किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है। साथ ही नागरिकों की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलती है।
कार्यक्रम में एसडीओपी प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप जोशी, यातायात निरीक्षक रामकुमार जैन, पामगढ़ थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी, अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, अजाक थाना प्रभारी कमलेश सेंडे, बम्हनीडीह थाना प्रभारी दिलीप सिंह, जिले के प्रशिक्षु उपनिरीक्षक तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल को हर परिस्थिति में तैयार रखने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। इससे जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को भी और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT