जांजगीर कोतवाली थाने का वार्षिक निरीक्षण, एसपी ने पुलिसिंग व्यवस्था का लिया जायजा

 




जांजगीर-चांपा, 18 जून (हि. स.)। जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को कोतवाली जांजगीर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों के संधारण, सीसीटीएनएस व्यवस्था, मालखाना, शस्त्रागार, लंबित प्रकरणों और अपराध नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण की शुरुआत परेड से की गई, जहां एसपी ने थाना स्टाफ की कार्यकुशलता और पुलिसिंग संबंधी जानकारी का परीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से थाना क्षेत्र के गुंडा, निगरानीशुदा एवं आदतन बदमाशों की गतिविधियों, लंबित मामलों और क्षेत्र में संचालित आपराधिक गतिविधियों के बारे में सवाल पूछे। संतोषजनक उत्तर देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने गुंडा और निगरानी बदमाशों के रिकॉर्ड की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ऑपरेटर से डेटा एंट्री और रिकॉर्ड अपडेट की जानकारी लेते हुए कहा कि डिजिटल पुलिसिंग के इस महत्वपूर्ण सिस्टम में किसी भी प्रकार की लंबित प्रविष्टि नहीं होनी चाहिए। एफआईआर दर्ज होने से लेकर चालान प्रस्तुत करने तक प्रत्येक कार्रवाई समय पर ऑनलाइन अपडेट हो, जिससे निगरानी और पारदर्शिता बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान एसपी पाण्डेय ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों के साथ संवेदनशील, मित्रवत और सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष कार्रवाई और बेहतर पुलिसिंग के माध्यम से ही आमजन का भरोसा मजबूत किया जा सकता है।

अपराध विवेचना की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी विवेचकों से लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने गंभीर, संवेदनशील और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक मामले में वैज्ञानिक और विधिसम्मत तरीके से साक्ष्य संकलित किए जाएं। फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, महिलाओं, बच्चों एवं कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा न्यायालयीन कार्रवाई को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने थाना स्टाफ को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा महिला अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विवेचना से ही अपराध नियंत्रण और जनता का विश्वास दोनों मजबूत होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT