चांपा को हराकर पुरुष और महिला दोनों वर्गों में जांजगीर बनी विजेता, जिलास्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता संपन्न

 


जांजगीर-चांपा, 02 अक्टूबर (हि. स.)। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जांजगीर में जिलास्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के पांच ब्लॉक और दो शहरी क्षेत्रों की टीमों ने हिस्सा लिया। करीब 120 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच लीग-कम-नॉकआउट पद्धति से मुकाबले कराए गए। महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में जांजगीर की टीम ने चांपा को 10-08 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल में भी जांजगीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चांपा को 22-14 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी हासिल की।

तीसरे स्थान के मुकाबलों में नवागढ़ और बम्हनीडीह की टीमें क्रमशः तीसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग पुष्पा कोरी दिवाकर ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया।

कार्यक्रम में सीनियर स्पोर्ट्स टीचर अशोक साहू, स्पोर्ट्स टीचर राकेश राजपूत, नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के ज्वाइंट सेक्रेटरी एवं नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव राजेश राठौर, नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष अनिल तिवारी, कोषाध्यक्ष संस्कार द्विवेदी, उपाध्यक्ष राजेश पांडे, आशुतोष पांडे, अमन राव, अविनाश राठौर और सुशील साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष अनिल तिवारी ने बताया कि जिले में नेटबॉल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं के जरिए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य व राष्ट्रीयस्तर के लिए चयन की दावेदारी मजबूत करने का अवसर मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT