जांजगीर-चांपा में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कारण अज्ञात

 


जांजगीर-चांपा, 07 अप्रैल (हि. स.)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धाराशिव में 23 वर्षीय युवती समलेश्वरी पटेल ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बीती रात की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

मृतका के पिता बेदराम पटेल के अनुसार, आज मंगलवार सुबह वह सब्जी बेचने के लिए वाहन में सामान रख रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी बेटी को जगाने के लिए कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर उन्होंने दरवाजे के छोटे छेद से टॉर्च की रोशनी में देखा, जहां समलेश्वरी बिस्तर पर नजर नहीं आई।

इसके बाद परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला तो देखा कि युवती घर के मियार से चुनरी के फंदे से लटकी हुई थी। यह दृश्य देख परिजनों में हड़कंप मच गया। पिता ने बताया कि उन्हें आत्महत्या के कारण की कोई जानकारी नहीं है। सोमवार रात को समलेश्वरी ने उनसे सामान्य बातचीत की थी और किसी प्रकार का विवाद भी नहीं हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

फिलहाल पामगढ़ थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT