जांजगीर-चांपा पुलिस ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगाए 150 पौधे
जांजगीर-चांपा, 10 जुलाई (हि. स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत आज शुक्रवार काे पुलिस लाइन जांजगीर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के 150 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी, नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी अजाक सतरूपा, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने अलग-अलग प्रजातियों के कुल 150 पौधे रोपे। साथ ही इन पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और उन्हें विकसित करने का भी संकल्प लिया, ताकि आने वाले वर्षों में यह पौधे पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का साधन नहीं हैं, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला भी हैं। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर बनेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पौधों की नियमित देखभाल करने और समाज को भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति संरक्षण, हरित पर्यावरण के निर्माण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता का भी संदेश दिया गया।
जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा आयोजित इस वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे भी अपने जीवन के विशेष अवसरों पर पौधे लगाकर उनकी देखभाल करें और हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT