होली पर्व को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस अलर्ट, हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर

 


जांजगीर-चांपा, 28 फरवरी (हि. स.)। आगामी होली पर्व के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन कर व्यापक पेट्रोलिंग और निगरानी की व्यवस्था की गई है। होलिका दहन 3 मार्च की रात और 4 मार्च को होली पर्व मनाए जाने के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी।

पुलिस द्वारा जांजगीर, नैला, अकलतरा, कोटमीसोनार, मुलमुला, बलौदा, पंतोरा, पामगढ़, शिवरीनारायण, राहौद, नवागढ़, चांपा, बम्हनीडीह, बिर्रा और सारागांव सहित सभी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात की गई हैं। ये टीमें अपने निर्धारित बीट क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों और हुड़दंगियों पर नजर रखेंगी। बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से पुलिस गांव और शहर की संकरी गलियों तक पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए जिले के सभी थाना और चौकियों में विशेष “चीता स्क्वायड” टीम भी गठित की गई है। यह टीम होली के दौरान हुड़दंग करने वालों, शांति भंग करने वालों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करेगी। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गुंडे-बदमाश और असामाजिक तत्व किसी भी प्रकार की हरकत से बचें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने डीजे बजाकर शोर-शराबा करने, दोपहिया वाहन में तीन सवारी बैठाने, मुखौटा लगाकर वाहन चलाने, शराब या नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की बात कही है। इसके साथ ही जबरन रंग लगाने, जबरन चंदा वसूलने, महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने और सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर भी सख्ती बरती जाएगी।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और किसी के साथ जबरदस्ती न करें। पुलिस ने लोगों से हानिकारक पदार्थों का उपयोग न करने, नशापान से दूर रहने और होलिका दहन निर्धारित समय और नियमों के अनुसार करने का आग्रह किया है। पुलिस ने कहा है कि सभी नागरिकों के सहयोग से ही जिले में शांतिपूर्ण और सुरक्षित होली सुनिश्चित की जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT