जांजगीर-चांपा का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज, एक घंटे में एक लाख से अधिक लोगों ने बांधी ‘साइबर जागृति की राखी’
जांजगीर-चांपा, 27 अगस्त (हि. स.)। साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस की ओर से चलाए गए विशेष अभियान ने नया इतिहास रच दिया है। जिले में बुधवार शाम एक साथ एक लाख से अधिक लोगों को एक घंटे के भीतर ‘एक राखी साइबर जागृति की’ बांधकर साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया। इस अनूठी पहल के लिए जांजगीर-चांपा जिले का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
पुलिस के इस अभियान के तहत जिले के 432 गांवों और वार्डों के साथ-साथ शासकीय प्रतिष्ठानों, उद्योगों और 336 ग्राम पंचायतों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। निर्धारित समयावधि में बड़ी संख्या में लोगों ने एक-दूसरे को ‘साइबर जागृति की राखी’ बांधी और ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध तथा डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव का संदेश दिया।
अभियान का उद्देश्य रक्षाबंधन के पर्व को साइबर सुरक्षा से जोड़ते हुए आम लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाना था। पुलिस ने राखी को केवल भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा के प्रतीक के रूप में नहीं, बल्कि साइबर अपराध से खुद और अपने परिवार को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया।
इस दौरान लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध फोन कॉल और ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की गई।
जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में एक साथ हुए इस व्यापक अभियान में पुलिस के साथ ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों, उद्योगों से जुड़े लोगों और आम नागरिकों ने भागीदारी निभाई। 336 पंचायतों और 432 ग्रामों एवं वार्डों तक अभियान पहुंचने से साइबर जागरूकता का संदेश बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचा।
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया जाना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस अभियान ने लोगों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ ही सामूहिक रूप से सुरक्षा का संकल्प लेने का संदेश भी दिया।
पुलिस का कहना है कि वर्तमान समय में साइबर अपराध लगातार नए तरीकों के साथ सामने आ रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही ऑनलाइन ठगी से बचने का सबसे प्रभावी माध्यम है। ‘एक राखी साइबर जागृति की’ अभियान के जरिए जांजगीर-चांपा में लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।
यह अभियान जिले में साइबर जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़े प्रयास के रूप में सामने आया है और गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होने के बाद इसकी उपलब्धि ने जांजगीर-चांपा को एक नई पहचान दिलाई है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT