जांजगीर-चांपा डबल मर्डर का खुलासा: शराब में सुहागा मिलाकर पार्षद समेत दो को उतारा मौत के घाट, आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 25 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शराब पीने के बाद पार्षद समेत दो लोगों की संदिग्ध मौत के मामले का आज रविवार काे पुलिस अधीक्षक ने खुलासा किया है। पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुटराबोड़ में हुई इस घटना के पीछे 10 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद सामने आया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित ने उधार लिए रुपये वापस करने से बचने के लिए शराब में कथित तौर पर सुहागा मिलाकर हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में पुलिस ने ग्राम पनगांव निवासी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार किया है। मृतकों की पहचान जोहित खरे और पार्षद रामखिलावन जांगड़े के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े घर से घूमने निकले थे। दोनों ग्राम कुटराबोड़ स्थित हेलीपैड के पास एक चखना दुकान पहुंचे, जहां शराब पीने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। दोनों को पेट में तेज दर्द होने लगा और आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा। गंभीर हालत में जोहित खरे को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल और रामखिलावन जांगड़े को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पामगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विषाक्त पदार्थ से मौत होने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। मृतक जोहित खरे की बेटी मनीषा खरे ने पुलिस को बताया कि उनके पिता ने अस्पताल में इलाज के दौरान राजा उर्फ कमलनाथ खरे पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया था।
मनीषा खरे के अनुसार, राजा खरे ने करीब चार महीने पहले उनके पिता जोहित खरे से घरेलू जरूरतों के लिए 10 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोपित ने जल्द रकम लौटाने का वादा किया था, लेकिन निर्धारित समय पर पैसे वापस नहीं किए। कुछ दिन पहले उसने 5 लाख 50 हजार और 6 लाख रुपये के दो चेक दिए थे, जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए। इसके बाद जोहित खरे लगातार अपनी रकम वापस मांग रहे थे।
घटना वाले दिन 23 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे भी जोहित खरे ने आरोपित को फोन कर पैसे लौटाने के संबंध में पूछा था। इस पर आरोपित ने शाम को मुलाकात कर रकम देने की बात कही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी बहाने आरोपित ने जोहित खरे को बुलाकर हत्या करने की योजना बनाई थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपित राजा खरे ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने जोहित खरे से अलग-अलग समय पर कुल 10 लाख रुपये उधार लिए थे। ट्रेडिंग में नुकसान होने के कारण वह रकम वापस नहीं कर पा रहा था। लगातार पैसे मांगे जाने से परेशान होकर उसने जोहित खरे की हत्या करने की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, आरोपित ने घटना वाले दिन मुकेश कश्यप को पैसे देकर इंपीरियल ब्लू शराब के तीन क्वार्टर मंगवाए थे। इसके बाद दोनों ने एक क्वार्टर शराब पी। इसी दौरान आरोपित ने फोन कर जोहित खरे और पार्षद रामखिलावन जांगड़े को कुटराबोड़ हेलीपैड के पास बुलाया।
जब दोनों स्कूटी से मौके पर पहुंचे, उससे पहले आरोपित ने मुकेश कश्यप से छिपाकर अपनी जेब में रखी पुड़िया से सुहागा निकालकर शराब के एक क्वार्टर में मिला दिया। इसके बाद उसने वही शराब जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े को पीने के लिए दी। पुलिस के अनुसार, शराब पीने के कुछ देर बाद दोनों की हालत बिगड़ने लगी। यह देखकर आरोपित मौके से भाग गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पामगढ़ पुलिस ने साइबर तकनीक, गवाहों के बयान और घटनास्थल के पुनर्निर्माण के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के बाद पुलिस ने आरोपित राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया भी जब्त की है। इन सामग्रियों को मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने उधार की रकम लौटाने से बचने के लिए जोहित खरे की हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन जहरीला पदार्थ मिली शराब पीने से पार्षद रामखिलावन जांगड़े की भी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT