जांजगीर-चांपा में कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश

 


जांजगीर-चांपा, 10 अगस्त (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों, लंबित प्रकरणों और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु, हर घर तिरंगा अभियान, निर्माण एवं मरम्मत कार्यों सहित विभिन्न विभागीय गतिविधियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद परिवारों के सम्मान सहित समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने को कहा। समारोह स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, मंच, यातायात, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत के निराकरण की प्रक्रिया दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि संबंधित हितग्राही की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को हितग्राहियों से संपर्क कर निराकरण के संबंध में फीडबैक लेने और सकारात्मक फीडबैक का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सेवा सेतु की प्रगति की भी समीक्षा की और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु के माध्यम से नागरिक विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं तथा अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। पोर्टल के माध्यम से आय, निवास, जाति प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण एवं प्रमाण पत्र, भूमि संबंधी सेवाओं सहित विभिन्न नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सेवा सेतु के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने तथा आवेदन में कमी होने पर आवेदक को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। कलेक्टर ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सेवा सेतु का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक नागरिकों को ऑनलाइन शासकीय सेवाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

जिले के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका एवं किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को इसके लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बच्चों और समुदाय को पोषण एवं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक किया जा सके।

बैठक में हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अभियान में जनप्रतिनिधियों और अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को बढ़ावा दिया जाए तथा निर्धारित कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रगति की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी निर्माण कार्यों की अद्यतन जानकारी जांजगीर-चांपा पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने को कहा, ताकि जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की प्रभावी निगरानी की जा सके। बैठक में समय-सीमा के लंबित प्रकरणों के साथ विभिन्न विभागीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आरके तम्बोली, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT