जांजगीर-चांपा में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जनदर्शन में सुनीं जनता की समस्याएं

 


जांजगीर-चांपा, 1 सितंबर (हि. स.)। जिले में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में मंगलवार काे कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए। आज जनदर्शन में कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनदर्शन में तहसील जांजगीर के ग्राम सिवनी (नैला) निवासी शिवलाल धीवर ने वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं जांजगीर के इंदिरा नगर निवासी उमरी देवी ने महतारी वंदन योजना और राशन कार्ड से जुड़ी समस्या को लेकर आवेदन दिया। विकासखंड बम्हनीडीह के ग्राम परसापली निवासी लखेश्वरी सूर्यवंशी ने राशन कार्ड से संबंधित समस्या के निराकरण की मांग की।

इसी तरह जनपद पंचायत बलौदा के ग्राम बुड़गहन निवासी बोधराम ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। तहसील सारागांव अंतर्गत ग्राम अमरूवा निवासी भरतलाल बरेठ ने शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर आवेदन दिया।

जनदर्शन में इन मामलों के अलावा सीमांकन, नामांतरण, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्रवाई की नियमित निगरानी करें और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही शिकायतों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करें।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT