जांजगीर-चांपा में एक अक्टूबर को अमृत सरोवरों पर चलेगा स्वच्छता अभियान

 

जांजगीर-चांपा, 29 सितंबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत 1 अक्टूबर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत खोखरा के मनका दाई मंदिर परिसर में होगा। कार्यक्रम के दौरान अमृत सरोवरों और उनके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, जल संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में अभियान संचालित किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से जिले के विभिन्न स्थानों पर सामूहिक स्वैच्छिक श्रमदान और स्वच्छता गतिविधियां शुरू होंगी। इस वर्ष अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है।

जिले के जनपद स्तर पर भी विशेष कार्यक्रम होंगे। जनपद पंचायत बलौदा के ग्राम पंचायत डोंगरी, पामगढ़ के ग्राम पंचायत बरगांव, बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत बनडभरा और अकलतरा के ग्राम पंचायत पकरिया झू में सामूहिक श्रमदान किया जाएगा।

अमृत सरोवरों पर तालाब परिसर, आसपास के क्षेत्र, पहुंच मार्ग और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की जाएगी। इसके साथ ही शपथ, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी। अभियान में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, अमृत सरोवरों के रखरखाव और सामुदायिक स्वामित्व को लेकर चर्चा होगी। स्वच्छ किए गए अमृत सरोवरों के आसपास “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया जाएगा। इससे जल स्रोतों के आसपास हरित क्षेत्र विकसित करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT