जनता यूनियन कोरबा पूर्व इकाई का पुनर्गठन,सुखीदास महंत बने अध्यक्ष
-प्रमोद कुमार राठौर को सचिव की जिम्मेदारी
कोरबा, 23 फरवरी (हि. स.)। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन की डीएसपीएमटीपीएस कोरबा पूर्व इकाई का पुनर्गठन आज सोमवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ संरक्षकों एवं प्रांतीय पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के पूजन एवं श्रीफल अर्पित कर की गई। इसके बाद अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। संगठन के संरक्षक प्रदीप पाठक, डी.एस. दीक्षित, प्रांतीय उपाध्यक्ष सम्मेलाल श्रीवास, प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी तथा वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद राकेश वर्मा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संगठन की एकजुटता को समय की आवश्यकता बताया। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारी हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए मजबूत संगठन अनिवार्य है।
चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रांतीय संयुक्त सचिव टी.पी. गुप्ता और प्रांतीय संयुक्त संगठन सचिव उदय राठौर को पर्यवेक्षक बनाया गया। उनकी देखरेख में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
नई कार्यकारिणी में सुखीदास महंत को अध्यक्ष और प्रमोद कुमार राठौर को सचिव चुना गया। जोहित राम राठौर को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपाध्यक्ष पद पर छवीराम साहू, कुलदीप मित्रा और कृष्णा डहरिया का चयन हुआ। सहसचिव के रूप में अनिल श्रीवास, देव निर्मलकर और मान सिंह गोंड को जिम्मेदारी दी गई, जबकि सागर देवांगन को कार्यालय सचिव बनाया गया।
इसके अलावा देवश्री बांधे, इंदुबाला रजक, चन्द्रशेखर कंवर, पवन राय और प्रकाश साहू को सदस्य के रूप में कार्यकारिणी में शामिल किया गया। संगठन को मार्गदर्शन देने के लिए एस.के. झा को वरिष्ठ संरक्षक का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम का संचालन उदय राठौर और सागर देवांगन ने किया। अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। सचिव प्रमोद कुमार राठौर ने सभी उपस्थित कर्मचारियों और पदाधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी