कांकेर जिले के अनुभागस्तर पर जनदर्शन का आयोजन 23 अक्टूबर से

 


कांकेर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों के त्वरित व प्रभावी निराकरण के लिए अब अनुभाग स्तर पर भी जनदर्शन का आयोजन किया जाएगा। कांकेर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार नियमित रूप से जनदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसकी शुरुआत शुक्रवार को सुबह 11 बजे से संबंधित अनुभाग मुख्यालयों में होगी।

कांकेर कलेक्टर कुन्दन कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह जनदर्शन संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित होगा। इसमें अनुभाग अंतर्गत आने वाले समस्त विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। ग्रामीणों व आम नागरिकों से मिलने वाले आवेदनों पर सीधे तथा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का विधिवत पंजीयन किया जाएगा। इसके तहत आवेदक का नाम, शिकायत का विषय, संबंधित विभाग तथा निराकरण की स्थिति का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखा जाएगा। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव होगा, उन्हें तत्काल निपटाया जाएगा। लंबित आवेदनों की होगी समीक्षा, तय होगी जवाबदेही प्रत्येक जनदर्शन में पूर्व के लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा की जाएगी।

काम में अनावश्यक लेटलतीफी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जनदर्शन समाप्ति के बाद कुल प्राप्त आवेदन, मौके पर निराकृत प्रकरण तथा लंबित मामलों की विस्तृत रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजनी होगी। जनदर्शन से बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियें पर भी जवाबदेही तय की जाएगी। प्रशासन ने नगरीय निकायों और पंचायतों के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे