फ्राई मछली में प्रतिबंधित जलेबी रंग, भोजनालय संचालक को चेतावनी
खाद्य और औषधि मानकों की जांच, दो फर्मों को दिया नोटिस
धमतरी, 29 अप्रैल (हि.स.)। सही दवा, शुद्ध आहार अभियान के तीसरे दिन 29 अप्रैल को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने खाद्य और औषधि दोनों क्षेत्रों में व्यापक जांच की। इस दौरान दूध एवं दुग्ध उत्पाद बेचने वाले 16 प्रतिष्ठानों के साथ ही 11 मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। जांच में अनियमितताएं मिलने पर दो दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं मगरलोड ब्लाक के एक भोजनालय में फा्रई मछली में अखाद्य जलेबी रंग का उपयोग करते पाए जाने पर संचालक को दोबारा उपयोग करते पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दिए है।
खाद्य सुरक्षा प्रकोष्ठ की टीम ने अभियान के तीसरे दिन दूध एवं दुग्ध उत्पाद विक्रय करने वाले धमतरी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 16 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पंजीयन प्रमाण पत्र को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस जांच टीम में अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी फनेश्वर पिथौरा एवं विभाग के अन्य कर्मचारी सम्मिलित रहे।
11 रिटेल मेडिकल स्टोर्स में निरीक्षण, दो को नोटिस
औषधि प्रकोष्ठ की संयुक्त टीम ने भखारा, बगौद, कुरुद और धमतरी क्षेत्र के 11 रिटेल मेडिकल स्टोर्स में निरीक्षण कार्रवाई की। जिसमें कंचन मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स भखारा, श्री धन्वंतरि मेडिकल स्टोर्स भखारा, ओजस्वी मेडिकल स्टोर्स भखारा, अरिहंत मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स भखारा, साहू मेडिकल स्टोर्स भखारा, गणपति मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स बगौद, मां चंडी मेडिकल एण्ड जनरल स्टोर्स बगौद, अमन मेडिकल स्टोर्स कुरुद शिवशंकर मेडिकल एंड जनरल स्टोर कुरुद, सरस्वती मेडिकल स्टोर्स धमतरी एवं साहू मेडिकल स्टोर धमतरी में निरीक्षण कर जांच कार्रवाई की गई। इस दौरान दवाओं के क्रय-विक्रय अभिलेख, स्टाक रजिस्टर, भंडारण व्यवस्था और लाइसेंस शर्तों की गहन जांच की गई। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर दो मेडिकल स्टोर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। इस कार्रवाई के दौरान औषधि निरीक्षक, नायब तहसीलदार और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद थी।
34 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं पर भी कार्रवाई, फिश फ्राई में मिला प्रतिबंधित रंग
अभियान के दूसरे दिन 28 अप्रैल को खाद्य सुरक्षा टीम ने मेद्या और मगरलोड क्षेत्र में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान गन्ना रस, चाट, गुपचुप सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ बेचने वाले कुल 34 स्ट्रीट फूड वेंडर्स का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई दुकानदार खाद्य सामग्री को अखबारी कागज में परोसते और रखते पाए गए जिस पर टीम ने मौके पर ही अखबार नष्ट कराते हुए संचालकों को कड़ी चेतावनी दी और सुरक्षित विकल्प अपनाने के निर्देश दिए। इसी दौरान मगरलोड के डोमार भोजनालय में फिश फ्राई में अखाद्य जलेबी रंग का उपयोग पकड़ा गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रंग और संबंधित खाद्य सामग्री को नष्ट कराया और संचालक को दोबारा इस प्रकार की लापरवाही न करने की चेतावनी दी। वहीं संयुक्त टीम ने जिले की सात थोक मेडिकल एजेंसियों का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान दवाओं के क्रय-विक्रय अभिलेख, स्टाक रजिस्टर, बिलिंग, भंडारण व्यवस्था और लाइसेंस शर्तों की बारीकी से जांच की गई। एक एजेंसी से दवा का नमूना भी लिया गया। जिसे परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा