सेवा, समर्पण और भक्ति के संदेश के साथ मनाई गई जलाराम बापा की 227वीं जयंती
धमतरी, 16 नवंबर (हि.स.)। परम पूज्य संत शिरोमणि जलाराम बापा की 227वीं जयंती सोमवार को धमतरी में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गुजराती समाज में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्री जलाराम बापा मंदिर परिसर में दिनभर विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जयंती महोत्सव की शुरुआत सुबह 4.30 बजे सामूहिक दीप आरती के साथ हुई। इसके बाद सुबह 7.45 बजे नियमित आरती की गई। दोपहर 11.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक नारायण भोग आरती का आयोजन हुआ। दोपहर 12.30 बजे से 2.30 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। शाम 4 बजे जलाराम महिला सत्संग मंडल द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की गई।
भजनों के माध्यम से संत जलाराम बापा की महिमा का गुणगान किया गया। शाम 5.45 बजे महाआरती एवं नियमित आरती के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। जयंती महोत्सव के एक दिन पूर्व रविवार शाम समाज के युवाओं द्वारा भव्य बाइक रैली निकाली गई। हाथों में ध्वज और जुबां पर जलाराम बापा के जयकारे के साथ युवाओं ने पूरे उत्साह से नगर भ्रमण किया।
रैली समाज के प्रमुख मार्गों से होते हुए गोल बाजार, घड़ी चौक और बस स्टैंड पहुंची तथा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुई। वहीं जयंती के अवसर पर सुबह विभिन्न स्थानों पर संत जलाराम बापा की पूजा-अर्चना कर प्रभात फेरी का स्वागत किया गया। समाज के लोगों ने एक-दूसरे को जयंती की शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि संत जलाराम बापा का जीवन सेवा, समर्पण, करुणा और मानवता के प्रति निस्वार्थ भाव का प्रतीक है। उन्होंने जरूरतमंदों की सेवा और भूखों को भोजन कराने को सच्ची ईश्वर भक्ति का माध्यम बताया। उनके इन्हीं आदर्शों से प्रेरित होकर प्रतिवर्ष समाज द्वारा जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम में जलाराम बापा मंदिर ट्रस्ट मंडल के सदस्य लखु भाई भानुशाली, प्रकाश गांधी, प्रीतेश गांधी, कीर्ति शाह, संदीप राठौड़, हितेश रायचूरा, मिहिर पटेल सहित अन्य शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा