हर घर नल से जल पहुंचाने पर जोर, जल जीवन मिशन की समीक्षा
सूरजपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। जल जीवन मिशन के तहत गांवों में चल रहे कामों की प्रगति को लेकर आज शुक्रवार को कलेक्टर रेना जमील ने समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को सभी पात्र गांवों के हर घर तक नियमित और पर्याप्त नल-जल पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता सहित अन्य अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान मल्टी विलेज स्कीम और सिंगल विलेज स्कीम के तहत गांवों में जलापूर्ति, निर्माणाधीन और लंबित कार्यों की जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने कहा कि जिन गांवों में जल जीवन मिशन के सभी काम पूरे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक हर घर जल सर्टिफिकेशन नहीं हुआ है, वहां जरूरी प्रक्रिया पूरी कर प्रमाणन का काम प्राथमिकता से कराया जाए।
उन्होंने गांववार प्रगति की नियमित समीक्षा करने और बाकी बचे कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
पानी की समस्या का मौके पर करें समाधान
बैठक में जलस्रोतों की स्थिति, पाइपलाइन और अन्य जरूरी अधोसंरचना से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को गांवों में जाकर जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का निरीक्षण करने और उनका तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभाग और निर्माण एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें और जलापूर्ति शुरू होने के बाद योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय