मुद्दाविहीन कांग्रेस और पूर्व मंत्री मेरे 35 वर्ष पूर्व दिवंगत पिता के ख़िलाफ़ आरोप लगा रहे : कैबिनेट मंत्री देवांगन
लखन लाल देवांगन ने दी खुली चुनौती, बोले एक रुपये लेने का भी आरोप साबित करके दिखाएं जय सिंह अग्रवाल
कोरबा, 24 अप्रैल (हि. स.)। टीपी नगर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित आज शुक्रवार काे पत्रकारवार्ता में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने पूर्व मंत्री के आरोप पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैं उनको खुली चुनौती देता हूं कि किसी से भी एक रुपये लेने का आरोप साबित करके बताएं।
मंत्री देवांगन ने कहा कि पूर्व मंत्री अब इस स्तर पर जा चुके हैं कि मेरे दिवंगत पिता जो की 30-35 वर्ष पूर्व स्वर्गवास हो चुका है उनका नाम लेकर आरोप लगा रहे हैं। मेरे पिता बाजार में दुकान लगाकर कपड़े बेचते थे, साथ ही कृषक कार्य करते थे। अब कांग्रेस या पूर्व मंत्री के पास कोई मुद्दा नहीं बचा तो दिवंगत पिता पर आरोप लगा रहे हैं, जबकि हमने कभी भी किसी के परिवार पर आरोप नहीं लगाया।
मंत्री देवांगन ने कहा कि अब पूर्व मंत्री मेरे घर के कमरों की बात कर रहे हैं, आप सभी मीडिया के साथी गण एवं शहर की जनता हर रोज मुझसे मिलने मेरे घर आते हैं, मेरे घर में कितने कार्यालय हैं सभी को पता है। अपने कार्यकाल में जिस तरह करते थे अब वैसे ही मेरा समझ रहे। मंत्री देवांगन ने मीडिया के साथी से कहा कि एक बार पूर्व मंत्री के शीश महल के कमरे और कार्यालय देखकर आए।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी