अनियमितताओं पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, पान सीड्स प्रा. लि. का बीज विक्रय लाइसेंस निरस्त

 


धमतरी, 29 जुलाई (हि.स.)।किसानों के हितों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेसर्स पान सीड्स प्रा. लि. का राज्य स्तरीय बीज विक्रय अनुज्ञा (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।

चार जुलाई 2026 को राज्य एवं जिला स्तरीय निरीक्षण दल ने ग्राम बंजारी, विकासखंड कुरूद स्थित कंपनी परिसर का औचक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान बीज प्रसंस्करण, पैकेजिंग, भंडारण और विक्रय से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण में गोदाम और कोल्ड स्टोरेज में धान की ऐसी किस्मों के बीज बड़ी मात्रा में पाए गए जो कंपनी के लाइसेंस में शामिल नहीं थे। इसके अलावा बिना वैध अनुज्ञा वाली किस्मों की पैकेजिंग सामग्री भी भंडारित मिली।

अभिलेखों और इन्वॉइस की जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि कंपनी द्वारा लाइसेंस में शामिल नहीं की गई धान किस्मों का विक्रय किया गया था। निरीक्षण के बाद बीज निरीक्षक ने कारण बताओ नोटिस जारी कर संबंधित बीजों और पैकेजिंग सामग्री के विक्रय, वितरण एवं उपयोग पर रोक लगा दी थी तथा आवश्यक दस्तावेज जब्त किए गए थे।

कंपनी के जवाब और उपलब्ध अभिलेखों की जांच के बाद संचालनालय कृषि ने बीज (नियंत्रण) आदेश, 1983 के प्रावधानों के उल्लंघन की पुष्टि करते हुए खंड 15 (ब) के तहत लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों तक केवल प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण बीज पहुंचाने के लिए निरीक्षण और नियामकीय कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा