बस्तर सांसद के नेतृत्व में दशहरा पर्व में शामिल होने मुख्यमंत्री को दिया न्योता
जगदलपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर सांसद महेश कश्यप के नेतृत्व में बस्तर दशहरा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार काे रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उन्हें बस्तर दशहरा में शामिल होने का न्योता दिया। इस दौरान पारंपरिक पगड़ी पहनाकर मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री ने बस्तर दशहरा के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
बस्तर दशहरा की प्रमुख रस्म मुरिया दरबार में पिछले साल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए थे। इस बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मुरिया दरबार में शामिल होने की संभावना है। उन्हें आमंत्रित करने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल और बस्तर सांसद महेश कश्यप ने नई दिल्ली में मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान समिति के प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर दशहरा की आगामी रस्मों, तैयारियों और पारंपरिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बस्तर की सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने और आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
रियासत कालीन बस्तर दशहरा 75 दिनों तक चलने वाला ऐतिहासिक पर्व है। इसमें मां दंतेश्वरी की आराधना के साथ बस्तर की जनजातीय संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराएं देखने को मिलती हैं। दशहरा की अलग-अलग रस्मों में स्थानीय समुदायों की भागीदारी इस पर्व को देश के दूसरे दशहरा आयोजनों से अलग पहचान देती है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे